मुंबई: फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान (Mushtaq Khan) का निधन (passes away) हो गया। वह पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे और मुंबई के नानावती अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने 56 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। ‘वेलकम’, ‘गदर’, ‘आशिकी’ और ‘मुझसे शादी करोगी’ जैसी फिल्मों में अपने दमदार सपोर्टिंग और कॉमेडी किरदारों से पहचान बनाने वाले मुश्ताक खान के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर है।
बताया जा रहा है कि मुश्ताक खान को करीब पांच साल पहले कैंसर का पता चला था। इलाज के बाद उनकी स्थिति में सुधार आया था, लेकिन हाल ही में बीमारी दोबारा लौट आई। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पिछले करीब 15 दिनों से उनका वहीं इलाज चल रहा था।
मुश्ताक खान ने अपने फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए। उन्होंने ज्यादातर फिल्मों में सपोर्टिंग और कॉमेडी भूमिकाओं के जरिए दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। फिल्म ‘वेलकम’ में उनका अभिनय दर्शकों को खूब पसंद आया था। इसके अलावा ‘गदर’, ‘आशिकी’, ‘मुझसे शादी करोगी’ और ‘हम हैं राही प्यार के’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। अपने सहज अभिनय और कॉमिक टाइमिंग के चलते वह दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहे।
अभिनेता मुश्ताक खान ने हाल ही में रिलीज हुई क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘कोकेन’ में ‘रसूल’ का किरदार निभाया है। श्रवण तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म मुंबई के अंडरवर्ल्ड, ड्रग्स के काले कारोबार और भ्रष्टाचार की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में मुश्ताक खान के अलावा अभिमन्यु सिंह, अशोक समर्थ, निसार खान और उदय टिकेकर भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आते हैं।
बताया जा रहा है कि मुश्ताक खान को सुपुर्द-ए-खाक 25 सितंबर को किया जाएगा। उनके निधन से बॉलीवुड ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसने लंबे समय तक सपोर्टिंग और कॉमेडी किरदारों के जरिए अपनी खास पहचान बनाए रखी। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों में शोक की लहर है।


