फर्रुखाबाद। सोमवती अमावस्या के अवसर पर गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबे किशोर का शव घटना के दूसरे दिन मंगलवार को बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी अंकित पुत्र अमरचंद थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव तुर्कीपुर स्थित अपनी ननिहाल में घूमने आया हुआ था। सोमवार को वह अपने मामा वीरेंद्र, नाना सुरेश, नानी सुखरानी, मां रानी देवी, छोटे भाई रोहन तथा बड़ी बहन साक्षी के साथ पांचालघाट पर गंगा स्नान करने गया था। बताया गया कि परिवार के सभी सदस्य पांटून पुल के निकट गंगा स्नान कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान करने के बाद परिवार के सभी सदस्य पानी से बाहर निकल आए, लेकिन अंकित अपने छोटे भाई रोहन के साथ दोबारा गंगा में नहाने चला गया। इसी दौरान दोनों भाई गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल साहस का परिचय देते हुए रोहन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अंकित तेज बहाव में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक किशोर की तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार को पांचालघाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा के नेतृत्व में गोताखोरों ने दोबारा सर्च अभियान चलाया। काफी देर तक तलाश करने के बाद किला घाट के निकट अंकित का शव बरामद कर लिया गया।
किशोर का शव मिलने की खबर सुनते ही मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। मां रानी देवी और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं प्रशासन द्वारा गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने और गहरे पानी में न जाने की अपील भी की जा रही है।
गंगा में डूबे किशोर का दूसरे दिन किलाघाट पर मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम


