39 C
Lucknow
Monday, June 15, 2026

नदी में डूबने से पांच बच्चों की दर्दनाक मौत

Must read

 

लखनऊ

प्रदेश में रविवार और सोमवार को नदी में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं में पांच बच्चों की मौत हो गई। बांदा और कानपुर देहात में हुए इन हादसों के बाद परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बांदा जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र स्थित गौरीकलां गांव में तीन भाई-बहन मंदिर दर्शन के बाद चंद्रावल नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूब गए। बताया गया कि बच्चे अपनी दादी के साथ मंदिर दर्शन के लिए गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और गोताखोरों ने बचाव अभियान शुरू किया। तीनों बच्चों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 10 वर्षीय अंश, 13 वर्षीय माधुरी और 13 वर्षीय प्रतीक शामिल हैं। वहीं 15 वर्षीय ऋषभ नदी किनारे ही खड़ा रहा, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

वहीं कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र में यमुना नदी में डूब रही सहेली को बचाने के प्रयास में एक किशोर और किशोरी की मौत हो गई। नयापुरवा गांव निवासी 12 वर्षीय जाह्नवी उर्फ भूरी अपनी सहेली ज्योति के साथ यमुना नदी में नहाने गई थी। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में फंस गईं। मौके पर मौजूद 16 वर्षीय अनंतराम ने साहस दिखाते हुए ज्योति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन जाह्नवी को बचाने के प्रयास में वह स्वयं भी नदी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया।

सोमवार सुबह एसडीआरएफ टीम ने घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मूसानगर के पक्का घाट के पास से पहले अनंतराम और फिर जाह्नवी का शव बरामद किया। दोनों शव मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article