41.7 C
Lucknow
Sunday, June 14, 2026

29 दिन तक जिंदगी और मौत से लड़ती रही गंगा देवी, आखिर हार गई जिंदगी की जंग

Must read

 

मारपीट के मुकदमे की वादी महिला की मौत से मचा हड़कंप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस और परिजनों की नजर

अमृतपुर, फर्रुखाबाद

राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पूरनपुर जिठैली में एक महीने पहले हुई मारपीट की घटना ने अब नया और गंभीर मोड़ ले लिया है। जिस महिला ने गांव के चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था, उसी महिला की 29 दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा है, जबकि गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
ग्राम निवासी गंगा देवी (45) पत्नी रामबाबू ने 15 मई को राजेपुर थाने में तहरीर देकर गांव के ही चार लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। महिला का आरोप था कि मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने उनके घर पहुंचकर उनके और उनके पुत्रों के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। घटना में गंगा देवी गंभीर रूप से घायल हुई थीं।
परिजनों के अनुसार मारपीट के बाद से ही गंगा देवी लगातार अस्वस्थ चल रही थीं। पहले जिला लोहिया अस्पताल और बाद में फतेहगढ़ के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार कराया गया। करीब एक माह तक इलाज चलने के बावजूद उनकी हालत में पूरी तरह सुधार नहीं हुआ। तीन दिन पहले उन्हें घर लाया गया था, लेकिन शनिवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने दम तोड़ दिया।महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों का कहना है कि मारपीट में लगी चोटों और उसके बाद बिगड़ी सेहत ने गंगा देवी की जान ले ली। वहीं ग्रामीणों का भी कहना है कि घटना के बाद से महिला सामान्य जीवन नहीं जी पा रही थीं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। हालांकि महिला की मौत के बाद पहले से दर्ज मुकदमे की गंभीरता बढ़ गई है।
थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है और आरोपियों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई भी की गई थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह सामने आता है कि महिला की मौत का संबंध मारपीट के दौरान लगी चोटों या उसके प्रभाव से है, तो आरोपियों की मुश्किलें कई गुना बढ़ सकती हैं। ऐसे में मुकदमे में गंभीर धाराएं बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल गंगा देवी की मौत ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है और हर किसी की नजर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article