31 C
Lucknow
Saturday, May 30, 2026

श्मशान घाट में प्रेमिका की हत्या का खुलासा, ब्लैकमेलिंग से परेशान प्रेमी ने दुपट्टे से घोंट दिया गला

Must read

मेरठ पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा; शराब पार्टी के बाद हुआ विवाद, हत्या कर शव के पास आधे घंटे तक बैठा रहा आरोपी

मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र स्थित पुठा रोड श्मशान घाट में मिली युवती की लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 25 वर्षीय मुस्कान की हत्या उसके प्रेमी रजनीश कुमार ने की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।

पुलिस के अनुसार, ब्रह्मपुरी क्षेत्र की खत्ता रोड निवासी मुस्कान का पिछले करीब एक वर्ष से टीपीनगर के शिवपुरम निवासी रजनीश कुमार से प्रेम संबंध था। रजनीश टेंपो चालक है और दोनों की मुलाकात टेंपो संचालन के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और संबंध गहरे हो गए।

जांच में यह भी सामने आया कि रजनीश शादीशुदा है। करीब एक माह पहले उसकी पत्नी को दोनों के रिश्ते की जानकारी हो गई थी, जिसके बाद घर में लगातार विवाद होने लगे थे। इसी बीच मुस्कान और रजनीश के संबंधों में भी तनाव बढ़ गया था। आरोपी का दावा है कि मुस्कान उस पर शादी का दबाव बना रही थी और कथित रूप से झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे कई बार रुपये भी ले चुकी थी।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन मुस्कान ने रजनीश को फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। दोनों पहले शिवपुरम निवासी राहुल के घर पहुंचे, जहां उन्होंने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। झगड़ा बढ़ने पर राहुल ने दोनों को अपने घर से बाहर जाने के लिए कह दिया।

इसके बाद दोनों मोपेड से पुठा रोड स्थित श्मशान घाट पहुंच गए। रास्ते में उन्होंने शराब की एक और बोतल खरीदी। श्मशान घाट में बैठकर शराब पीने के दौरान दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर रजनीश ने मुस्कान के दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी करीब आधे घंटे तक शव के पास बैठा रहा। बाद में उसने मृतका के मोबाइल फोन से सिम कार्ड निकाल लिया और चुपचाप घर लौटकर सो गया। अगले दिन सुबह श्मशान घाट में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी।

सूचना मिलने पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और सर्विलांस टीम मौके पर पहुंची थीं। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और मोबाइल फोन की जांच के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

मृतका के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की गई है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई है। इस घटना ने एक बार फिर अवैध संबंधों और व्यक्तिगत विवादों से जुड़े अपराधों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article