क्रासर
परिजनों में मचा कोहराम, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
फर्रुखाबाद। खेतों की रखवाली करने गए एक किसान की हाईटेंशन विद्युत लाइन के टूटे तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पुलिस ने लोहिया अस्पताल में शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव कैटला नगला निवासी अमर सिंह पुत्र विश्राम रघुवंशी का खेत पैलानी उत्तर प्रथम प्राथमिक विद्यालय के निकट स्थित है। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे वह रोजाना की तरह अपने खेत की रखवाली करने के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रात में तेज हवाओं और मौसम खराब होने के कारण खेत के पास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर जमीन पर गिर गया था।
सुबह खेत पर पहुंचने के दौरान अमर सिंह को टूटे हुए तार की जानकारी नहीं थी। जैसे ही वह खेत में आगे बढ़े, वह करंट प्रवाहित कर रहे एचटी लाइन के तार की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव खेत में पड़ा मिला, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए और परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में विद्युत लाइनों की स्थिति काफी खराब है और कई जगह तार जर्जर हो चुके हैं। इसके बावजूद विभाग द्वारा समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि यदि लाइन टूटने के बाद तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाती तो किसान की जान बच सकती थी।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अमर सिंह परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य बताए जा रहे हैं। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने, विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली की जांच कराने तथा क्षेत्र में जर्जर विद्युत लाइनों को तत्काल बदलवाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
खेत की रखवाली करने गए किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत, एचटी लाइन का तार बना काल


