फर्रुखाबाद। सेंट्रल जेल में निरुद्ध एक अधेड़ कैदी की सीने में दर्द और सांस लेने में परेशानी के चलते मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक कैदी गणेशी पुत्र नन्ही कई वर्षों से सेंट्रल जेल में सजा काट रहा था। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। उसे सीने में दर्द और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत थी, जिसके चलते जेल प्रशासन की ओर से उसका उपचार भी कराया जा रहा था।
मंगलवार को अचानक उसकी हालत अधिक बिगड़ गई। जेल प्रशासन द्वारा तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कैदी की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल अधिकारियों में हलचल मच गई।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है।
सीने में दर्द और सांस की दिक्कत से सेंट्रल जेल में निरुद्ध अधेड़ कैदी की मौत


