फर्रुखाबाद। जनपद के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव रसीदपुर में एक प्रसूता की इलाज के दौरान मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ मौके से फरार हो गया, जिससे परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, गांव रसीदपुर निवासी रेनू (25) पत्नी अनुज कश्यप को रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों द्वारा लोहिया अस्पताल के पास स्थित गायत्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। देर शाम करीब 8:30 बजे चिकित्सकों ने ऑपरेशन के जरिए रेनू का प्रसव कराया, जिसमें उसने एक पुत्री को जन्म दिया। परिजनों के अनुसार, शुरुआत में सब कुछ सामान्य बताया गया, लेकिन ऑपरेशन के कुछ ही समय बाद रेनू की हालत अचानक बिगड़ने लगी।
बताया जा रहा है कि ऑपरेशन के बाद महिला को अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) होने लगा, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई। रात करीब 12:30 बजे अस्पताल कर्मियों ने हालत गंभीर बताते हुए मरीज को कहीं और ले जाने की सलाह दे दी। घबराए परिजन रेनू को लेकर कई निजी अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कहीं भी उसे भर्ती नहीं किया गया। मजबूर होकर परिजन वापस उसी अस्पताल पहुंचे, जहां महिला को दो बोतल खून चढ़ाया गया।
इसके बावजूद रेनू की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे उसने दम तोड़ दिया। जैसे ही महिला की मौत की खबर फैली, अस्पताल का स्टाफ एक-एक कर मौके से भाग निकला। इससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मृतका रेनू की यह तीसरी संतान थी। उसका पति अनुज कश्यप गैस हाकर के रूप में काम करता है और गांव में ही गैस गोदाम से घर-घर सिलेंडर पहुंचाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर है। परिजनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, प्रसूता की मौत,अस्पताल स्टाफ फरार, परिजनों में आक्रोश


