42 C
Lucknow
Saturday, April 25, 2026

दर्दनाक सड़क हादसा: शादी से लौट रहे परिवार समेत पांच की मौत, गांव में मातम

Must read

 

मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर कुसुम्हा बशारतपुर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रेलर की जोरदार टक्कर में एक ही परिवार समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के खोराबार क्षेत्र के रानीडीहा निवासी विनय श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ बेटी की शादी समारोह से लौट रहे थे। वह हाल ही में झारखंड के रांची में विवाह संपन्न कराकर पत्नी, बेटे और अन्य साथियों के साथ घर वापस आ रहे थे। वाहन में उनके साथ चालक और एक अन्य व्यक्ति भी सवार थे।

बताया जा रहा है कि देर रात करीब 2:30 बजे जैसे ही स्कॉर्पियो कुसुम्हा बशारतपुर के पास पहुंची, चालक को झपकी आ गई। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर दूसरी लेन में जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से भिड़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और सभी यात्री उसमें फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही दोहरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने वाहन को काटकर सभी शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के गांव में कोहराम मच गया है। एक ही परिवार के कई सदस्यों की एक साथ मौत से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और दोनों वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article