प्रदेश में सोमवार को नौतपा के पहले दिन मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर तेज धूप और लू ने लोगों को बेहाल किया, जबकि रात होते-होते कई जिलों में आंधी और हल्की बारिश ने मौसम को बदल दिया। दक्षिण बिहार में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तेज हवाएं चलीं। देर रात लखनऊ में लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे बाराबंकी, अयोध्या, उन्नाव और सीतापुर में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 28 मई से पश्चिमी विक्षोभ और पुरवा हवाओं के असर से प्रदेश के मौसम में और बदलाव देखने को मिलेगा। 29 मई तक तापमान में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
हालांकि राहत के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का असर जारी रहा। बुंदेलखंड और दक्षिणी यूपी सबसे अधिक गर्म रहे, जहां बांदा 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी में 46 डिग्री, आगरा में 45.5 डिग्री और प्रयागराज में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। तेज पछुवा हवाओं और प्रचंड धूप के कारण हालात बेहद कठिन बने रहे।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रयागराज, बांदा और चित्रकूट समेत आसपास के इलाकों में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र और अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।


