फर्रुखाबाद। जिले में इन दिनों सुबह-शाम तेजी से बदल रहा मौसम लोगों की सेहत पर असर डालने लगा है। कभी तेज धूप, कभी बादलों की आवाजाही, अचानक बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं का चलना तापमान के संतुलन को बिगाड़ रहा है। ऐसे उतार-चढ़ाव के कारण संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। चिकित्सकों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
डॉक्टरों का कहना है कि मौसम परिवर्तन के दौरान जुकाम, बुखार, गले में संक्रमण, खांसी और वायरल बुखार जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में होने वाली बढ़ोत्तरी और गिरावट कभी भी हो सकती है और ठंडी हवा या हल्की बारिश शरीर को तुरंत प्रभावित कर सकती है।
चिकित्सकों ने बच्चों और बुजुर्गों को लेकर खास सतर्कता बरतने की सलाह दी है। कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता के कारण ये वर्ग जल्दी संक्रमण की चपेट में आ जाते हैं। सुबह-शाम गुनगुना पानी पीना, भीड़भाड़ वाले स्थानों में सतर्क रहना और संतुलित आहार लेना जरूरी बताया गया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि लगातार बुखार, खांसी या सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्या हो तो स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। बदलते मौसम में थोड़ी सी लापरवाही बड़ी बीमारी का रूप ले सकती है, इसलिए सजग रहना ही बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।


