तेज आंधी-बारिश में विशालकाय यूकेलिप्टस का पेड़ गिरा, शहीद स्मारक की दीवार क्षतिग्रस्त
अमृतपुर
कस्बा अमृतपुर क्षेत्र में बुधवार रात तेज आंधी और बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। तेज हवाओं के बीच कस्बा स्थित संविलियन विद्यालय परिसर में बने शहीद स्मारक के पास खड़ा विशालकाय यूकेलिप्टस का पेड़ अचानक भरभराकर गिर गया। पेड़ गिरने से शहीद स्मारक की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय अचानक तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान विद्यालय परिसर में शहीद स्मारक के समीप खड़ा यूकेलिप्टस का पेड़ तेज हवाओं का दबाव नहीं झेल सका और जमीन पर जा गिरा। पेड़ की चपेट में आने से शहीद स्मारक की दीवार को काफी नुकसान पहुंचा है।
हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई, जिसके चलते विद्यालय परिसर में कोई मौजूद नहीं था और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दिन के समय विद्यालय परिसर में बच्चों और लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से विद्यालय परिसर एवं आसपास खड़े जर्जर और बड़े पेड़ों का निरीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में तेज आंधी-बारिश के दौरान इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।


