– गांव में शांति बनाए रखने की अपील
फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव उम्मरपुर मिल्किया पठान में शनिवार सुबह एक मजार क्षतिग्रस्त मिलने से इलाके में हलचल मच गई। गांव के बाहर स्थित मजार का गेट और अंदर का हिस्सा टूटा हुआ पाया गया। सबसे पहले पेड़ से बेल तोड़ने पहुंचे बच्चों की नजर इस पर पड़ी, जिन्होंने तुरंत गांव वालों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और स्थिति देखकर चिंता जताई। गांव के निवासी करू ने डायल 112 पर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थिति का जायजा लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार को अवगत कराया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। इसके बाद उन्होंने कायमगंज क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी को सूचना दी, जो खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की।
प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मजार की मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू करा दिया। थाना प्रभारी द्वारा निर्माण सामग्री मंगवाई गई और गांव के लोगों के सहयोग से टूटी दीवार और ढांचे को ठीक किया जा रहा है। साथ ही पुताई का काम भी जारी है, ताकि स्थल को जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में लाया जा सके।
गांव के लोगों इज्जत खां, इंतजार, आफताब, रहीश, नौशाद, अरविंद, इंद्रेश, विशाल, नीलेश, अंशुल, जितेंद्र और मटलू—ने बताया कि जुमे के दिन यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं, इसलिए इस घटना को लेकर लोगों में चिंता थी। हालांकि प्रशासन की सक्रियता के बाद माहौल सामान्य बना हुआ है।
मजार क्षतिग्रस्त मिलने से हड़कंप, पुलिस की मौजूदगी में शुरू हुई मरम्मत


