41.6 C
Lucknow
Saturday, June 13, 2026

बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, सिक्योरिटी धनराशि पर मिलेगा 6.50 प्रतिशत ब्याज

Must read

 

क्रॉसर: प्रदेश के 3.73 करोड़ उपभोक्ताओं को फायदा, जून-जुलाई के बिजली बिल में समायोजित होगी करीब 300 करोड़ रुपये की राशि

लखनऊ। बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने उपभोक्ताओं द्वारा जमा की गई सिक्योरिटी धनराशि पर 6.50 प्रतिशत की दर से ब्याज देने का निर्णय लिया है। इस फैसले से प्रदेश के करीब 3.73 करोड़ बिजली उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।

ऊर्जा विभाग के अनुसार उपभोक्ताओं को मिलने वाली ब्याज राशि जून और जुलाई के बिजली बिलों में समायोजित की जाएगी। अनुमान है कि लगभग 300 करोड़ रुपये की राशि उपभोक्ताओं के खातों में एडजस्ट होगी, जिससे लाखों परिवारों और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

बिजली विभाग ने बताया कि ब्याज की दर 1 अप्रैल 2025 को लागू बैंक दर के आधार पर निर्धारित की गई है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक उपभोक्ताओं द्वारा जमा की गई औसत सिक्योरिटी धनराशि लगभग 4,616 करोड़ रुपये रही, जिस पर नियमानुसार ब्याज की गणना की गई है।

यह राहत ऐसे समय में दी जा रही है जब बिजली उपभोक्ता बिलों में 10 प्रतिशत ईंधन अधिभार (फ्यूल सरचार्ज) शुल्क का भुगतान भी कर रहे हैं। ऐसे में सिक्योरिटी राशि पर मिलने वाला ब्याज उपभोक्ताओं को कुछ हद तक आर्थिक राहत प्रदान करेगा।

ऊर्जा विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जून और जुलाई माह के अपने बिजली बिलों की जांच अवश्य करें और यह सुनिश्चित करें कि सिक्योरिटी धनराशि पर मिलने वाला ब्याज उनके बिल में समायोजित हुआ है या नहीं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article