27 C
Lucknow
Saturday, October 10, 2026

एक ही गांव के दो घरों में चोरी, लाखों के जेवर और 1.05 लाख रुपये गायब

Must read

 

मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के कुबेरपुर डूंगरसी गांव में चोरों ने एक ही रात दो घरों को निशाना बनाया। एक घर में पीछे की दीवार से चढ़कर घुसे चोर कमरों के ताले खोलकर जेवर और नकदी ले गए, जबकि दूसरे घर में नकब लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों घटनाओं की सूचना पर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने एक घटना को संदिग्ध बताते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू की है।

गांव निवासी शिवकुमार सिंह अपनी पत्नी सुनीता के साथ घर के बाहर वाले कमरे में सो रहे थे, जबकि उनका पुत्र अल्केश घर के अंदर बने दूसरे कमरे में सो रहा था। आरोप है कि नौ और दस अक्टूबर की रात चोर घर के पिछवाड़े से चढ़कर अंदर घुस आए। बरामदे में टंगे हेलमेट से कमरों के तालों की चाबी निकालकर उन्होंने ताले खोल दिए। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी की चाबी मिलने पर उसे भी खोल लिया और उसमें रखा सूटकेस निकाल ले गए।

सूटकेस में सोने का हार, बेंदा, मंगलसूत्र, नथनी, कुंडल और बृजबाला के अलावा चांदी का कमरकंद, तोड़ियां तथा 50 हजार रुपये रखे थे। सुबह अल्केश की नींद खुली तो कमरे में अलमारी खुली और सामान बिखरा देखकर वह हैरान रह गया। परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद मदनपुर चौकी इंचार्ज सुनील गोयल ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

पड़ोसी के घर में नकब लगाकर चोरी

शिवकुमार के पड़ोस में वेदपाल राठौर का मकान है। वेदपाल के भाई तेजपाल गुरुग्राम में रहते हैं और उनका कमरा बंद था। आरोप है कि चोरों ने तेजपाल के कमरे की दीवार में नकब लगाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद कमरे और उसमें रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया। अलमारी से सोने का मंगलसूत्र, पांच अंगूठियां, झुमकी और टॉप्स के अलावा चांदी की पायल तथा 55 हजार रुपये चोरी कर लिए। सुबह नकब लगा देखकर वेदपाल ने चौकी पुलिस को सूचना दी।

चौकी इंचार्ज सुनील गोयल के अनुसार, शिवकुमार के घर हुई चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है, क्योंकि उनका पुत्र दूसरे कमरे में सो रहा था। वहीं, तेजपाल के बंद कमरे में नकब लगाकर चोरी किए जाने के मामले में भी पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article