चार वर्षीय बच्ची समेत दो की गई जान, पिकअप में फंसे चालक को ग्राइंडर से खिड़की काटकर निकाला; गंभीर घायलों को लोहिया अस्पताल रेफर किया
अमृतपुर फर्रुखाबाद
इटावा-बरेली हाईवे पर राजेपुर थाना क्षेत्र के जैनापुर के निकट शनिवार को पिकअप और डंपर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 25 वर्षीय महिला पूजा और उनकी चार वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि विमलेश समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप चालक शरीफ वाहन के अंदर फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद ग्राइंडर से पिकअप की खिड़की कटवाकर चालक को बाहर निकलवाया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार, पांचाल घाट निवासी विमलेश अपनी पत्नी पूजा और चार वर्षीय बेटी के साथ शाहजहांपुर स्थित अपनी ससुराल से फर्रुखाबाद लौट रहा था। उनकी पिकअप शनिवार को इटावा-बरेली हाईवे पर जैनापुर के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे डंपर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में बाइक सवार को बचाने के प्रयास में डंपर के अनियंत्रित होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे में विमलेश के परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. हिमांशु राजपूत ने पूजा और उनकी चार वर्षीय बेटी को मृत घोषित कर दिया। मां-बेटी की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
विमलेश का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया जा रहा है, जबकि करीब 55 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति और पिकअप चालक शरीफ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल लोगों के उपचार को लेकर पुलिस और स्वास्थ्यकर्मी सक्रिय रहे। टक्कर के बाद पिकअप चालक शरीफ वाहन के अंदर फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 10 मिनट के प्रयास के बाद ग्राइंडर की मदद से पिकअप की खिड़की कटवाई गई और चालक को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप और डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य की निगरानी की। पुलिस के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। मृतकों के पंचनामा और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जानकारी जुटा रही है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।इटावा-बरेली हाईवे पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। चार वर्षीय बच्ची और उसकी मां की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।


