क्रासर
विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत कानपुर प्रवर्तन टीम और आबकारी विभाग की संयुक्त दबिश, अवैध शराब कारोबारियों पर कसा शिकंजा
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में जनपद भर में अवैध मदिरा कारोबारियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम तथा कानपुर प्रवर्तन टीम के साथ संयुक्त रूप से जनपद के संदिग्ध ग्राम लकूला में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने कई संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली, जिससे अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
दबिश के दौरान टीम ने 10 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा शराब बनाने में प्रयुक्त लगभग 160 किलोग्राम लहन बरामद किया। बरामद लहन को आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया, ताकि उसका दोबारा उपयोग कर अवैध शराब का निर्माण न किया जा सके।
इस मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के बाद आबकारी अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को और मजबूत करने तथा अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के लिए नियमित छापेमारी जारी रखने की बात कही गई।
जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जनहित और लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। आबकारी विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
लकूला गांव में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 10 लीटर कच्ची शराब व 160 किलो लहन बरामद, मौके पर किया गया नष्ट


