42 C
Lucknow
Thursday, May 21, 2026

लापता युवक मामले में बड़ी कार्रवाई, कोतवाल फतेहगढ़ लाइन हाजिर — हाईकोर्ट के निर्देश पर गिरी गाज

Must read

फर्रुखाबाद। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में युवक के लापता होने के मामले में पुलिस की लापरवाही पर आखिरकार सख्त कार्रवाई हुई है। हाईकोर्ट के निर्देश पर कोतवाल फतेहगढ़ रणविजय सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के याकूतगंज निवासी सुनील पुत्र रमेश चंद बीती 19 तारीख को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब सुनील का कोई सुराग नहीं लगा, तो परिजनों ने कोतवाली फतेहगढ़ में गांव हाजीगंज याकूतगंज निवासी मलिक, उसके भाई सोरिस तथा खलीज उर्फ खालिद के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद लापता युवक सुनील की बरामदगी नहीं हो सकी। समय बीतने के साथ परिजनों की चिंता और आक्रोश बढ़ता गया। उनका आरोप था कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही और युवक की तलाश में अपेक्षित प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
आखिरकार न्याय की आस में परिजनों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर की और लापरवाही को गंभीर मानते हुए कोतवाल फतेहगढ़ रणविजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में उच्च अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से कोतवाल को लाइन हाजिर कर दिया। इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत गया है कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, परिजनों का कहना है कि उन्हें अब भी सुनील की सकुशल बरामदगी का इंतजार है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि युवक की जल्द से जल्द तलाश कर उसे सुरक्षित घर वापस लाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article