फर्रुखाबाद: यूपी के फर्रुखाबाद (Farrukhabad) जिले में लगातार तेज बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल-कॉलेजों को दो दिन के लिए बंद करने का फैसला लिया है। जिलाधिकारी (DM) के आदेश पर फर्रुखाबाद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत, विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालय, इंटरमीडिएट कॉलेज तथा बेसिक शिक्षा परिषद के कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में 2 और 3 सितंबर 2026 को दो दिन का अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों तक जिले में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई है। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। मौसम विभाग ने 2 और 3 सितंबर को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे आदेश का कड़ाई से पालन करते हुए दोनों दिनों तक स्कूल-कॉलेज बंद रखें।


