27 C
Lucknow
Wednesday, May 6, 2026

अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई 4 लीटर कच्ची शराब व 60 किलो लहन बरामद, अभियान जारी

Must read

 

फर्रुखाबाद

अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। आबकारी विभाग की टीम ने बुधवार को राजेपुर थाना क्षेत्र में दबिश देकर कच्ची शराब और भारी मात्रा में लहन बरामद किया, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के मार्गदर्शन में यह अभियान जनपद भर में लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में 06 मई 2026 को प्रभावी कार्रवाई की गई। आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 सुश्री रीता वर्मा ने अपनी टीम के साथ थाना राजेपुर क्षेत्र के संदिग्ध ग्राम कुइयां डेरा में छापेमारी की। इस दौरान मौके से 4 लीटर अवैध कच्ची शराब और लगभग 60 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि अवैध शराब के संबंध में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा टीम ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न आबकारी दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया। बदनपुर देशी, बदनपुर कंपोजिट शॉप, अम्बरपुर देशी और कुतलूपुर देशी दुकानों पर पहुंचकर स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन के माध्यम से बिक्री, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली और सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को कड़े निर्देश दिए गए कि वे शासन के सभी नियमों का सख्ती से पालन करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध मदिरा के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article