फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के बरुआ गांव में घरेलू विवाद के चलते भतीजे द्वारा अपने चाचा के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में चाचा घायल हो गए, जिसके बाद उन्होंने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त किए जाने को लेकर हुई। आरोप है कि युवक ने मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाया, जिसका चाचा ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।पीड़ित का आरोप है कि भतीजे ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।घटना के बाद घायल चाचा राजेपुर थाने पहुंचे और आरोपी भतीजे के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।राजेपुर थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


