10 हजार पुलिसकर्मी तैनात, ATS कमांडो की निगरानी में रहेगा मेला क्षेत्र
प्रयागराज। प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेले को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए करीब 10 हजार पुलिस कर्मियों की तैनाती की जा रही है। पुलिस फोर्स के कई चरणों में मेला क्षेत्र पहुंचने का सिलसिला जारी है और 20 दिसंबर तक पूरी सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय हो जाएगी।
माघ मेले की सुरक्षा व्यवस्था की कमान वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई है। मेले में 7 अपर पुलिस अधीक्षक (ASP)
15 डिप्टी एसपी 50 निरीक्षक (इंस्पेक्टर) 400 से अधिक उप निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर)
तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा ढाई हजार से अधिक हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालेंगे।
PAC, होमगार्ड और विशेष बलों की तैनाती,माघ मेले में सुरक्षा के लिए 1500 से अधिक होमगार्ड तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही NSG, SDRF और जल पुलिस की टीमें भी लगातार मेला क्षेत्र में सक्रिय रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
मेला क्षेत्र को एटीएस कमांडो की विशेष निगरानी में रखा गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आधुनिक तकनीक और खुफिया तंत्र का सहारा लिया जा रहा है।
श्रद्धालुओं से बेहतर संवाद और सहयोग के लिए मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को सॉफ्ट स्किल ट्रेनिंग भी दी जा रही है, ताकि वे श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रख सकें।
प्रशासन का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती से माघ मेला पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।





