लखनऊ। भारतीय पत्रकारिता और ट्रेड यूनियन आंदोलन के प्रखर स्वर रहे वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय डॉ. के. विक्रम राव की प्रथम पुण्यतिथि पर राजधानी लखनऊ में विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में देश और प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार, संपादक, मीडिया शिक्षाविद और पत्रकारिता से जुड़े लोग शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
संगोष्ठी का विषय “पत्रकारिता के 200 वर्ष : शीर्षक, वर्तनी और भाषा” रखा गया है। आयोजन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारिता में भाषा की शुद्धता, शीर्षकों की गंभीरता और बदलते मीडिया परिवेश में हिंदी पत्रकारिता की चुनौतियों पर चर्चा करना है।
यह विशेष कार्यक्रम 12 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक यूपी प्रेस क्लब में आयोजित होगा। कार्यक्रम में पत्रकारिता जगत से जुड़े कई वरिष्ठ और प्रतिष्ठित चेहरे मौजूद रहेंगे।
आयोजन मंडल में के. विश्वदेव राव, हसीब सिद्दीकी, रवीन्द्र सिंह, शिव शरण सिंह, रतिभान त्रिपाठी, प्रेम कान्त तिवारी, देवराज सिंह, रजत मिश्रा और नितिन श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ पत्रकार शामिल हैं।
पत्रकारिता जगत में डॉ. के. विक्रम राव को भाषा की शुद्धता, निर्भीक लेखन और ट्रेड यूनियन आंदोलन में सक्रिय भूमिका के लिए विशेष पहचान मिली थी। मीडिया जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि ऐसे समय में जब डिजिटल पत्रकारिता में भाषा और तथ्यों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, तब यह संगोष्ठी पत्रकारिता की मूल आत्मा और जिम्मेदारियों पर गंभीर विमर्श का मंच बनेगी।
डॉ. के. विक्रम राव की प्रथम पुण्यतिथि पर होगी संगोष्ठी, पत्रकारिता की भाषा और शीर्षकों पर मंथन


