लखनऊ
आईपीएल 2026 के लीग चरण का रोमांच अब अंतिम दौर में पहुंच चुका है और 23 मई को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाला मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है। इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें बुधवार को लखनऊ पहुंचेंगी और अगले दिन इकाना स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी। जहां मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है, वहीं पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा होगा। पंजाब को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
लखनऊ सुपर जायंट्स इस सीजन में घरेलू मैदान पर लगातार हारों से जूझती रही, लेकिन पिछले दो मुकाबलों में जीत हासिल कर टीम ने वापसी के संकेत दिए हैं। अब टीम अपने घरेलू मैदान पर लगातार तीसरी जीत दर्ज कर सीजन का सकारात्मक अंत करना चाहेगी। टीम के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श शानदार फॉर्म में हैं और पिछले मुकाबलों में बड़ी पारियां खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभा चुके हैं। इसके अलावा जोस इंग्लिस ने भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित किया है। दोनों बल्लेबाजों की तेज शुरुआत ने सुपर जायंट्स को कई मैचों में मजबूत स्थिति दिलाई है।
दूसरी ओर पंजाब किंग्स का प्रदर्शन इस सीजन में काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने शुरुआती सात मुकाबलों में से छह में जीत दर्ज कर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद लगातार छह हार ने उनकी प्लेऑफ की राह मुश्किल बना दी। अब टीम को न केवल लखनऊ के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि अन्य टीमों के परिणामों पर भी नजर रखनी पड़ेगी। बल्लेबाजी में कूपर कोनोली ने सबसे ज्यादा 473 रन बनाए हैं, जबकि प्रभसिमरन सिंह 441 रन बनाकर टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हुए हैं। कप्तान श्रेयस अय्यर भी 397 रन के साथ टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ बने हुए हैं।
हालांकि पंजाब किंग्स की सबसे बड़ी चिंता उसकी गेंदबाजी रही है। कई मुकाबलों में गेंदबाज प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे, जिसका खामियाजा टीम को हार के रूप में भुगतना पड़ा। ऐसे में टीम प्रबंधन इस अहम मुकाबले से पहले गेंदबाजी संयोजन पर विशेष ध्यान दे रहा है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि इकाना स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला रोमांच से भरपूर होगा। एक ओर लखनऊ सुपर जायंट्स अपनी प्रतिष्ठा बचाने उतरेगी तो दूसरी ओर पंजाब किंग्स पूरे दमखम के साथ प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखने की कोशिश करेगी।


