फर्रुखाबाद।
डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय में पार्किंग की समुचित व्यवस्था होने के बावजूद वाहन चालक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। अस्पताल परिसर के अंदर दोपहिया व चारपहिया वाहनों की आवाजाही लगातार बनी हुई है, जिससे मरीजों, तीमारदारों और चिकित्साकर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार अस्पताल प्रशासन द्वारा वाहनों के लिए अलग से पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है, ताकि परिसर के अंदर भीड़भाड़ और अव्यवस्था न हो। इसके बावजूद वाहन चालक अपने वाहन सीधे अस्पताल परिसर के अंदर तक ले जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मी भी इन वाहनों को रोकने में पूरी तरह असफल साबित हो रहे हैं।
अस्पताल परिसर में वाहनों के प्रवेश से आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार इमरजेंसी सेवाओं में आने वाली एंबुलेंस को भी अंदर निकलने में कठिनाई होती है। वहीं बुजुर्ग मरीजों, महिलाओं और बच्चों को भी खतरा बना रहता है।
इस संबंध में जब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी वाहन को अस्पताल परिसर के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं है। सभी प्रकार के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल में ही खड़ा किया जाना चाहिए। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों और मरीजों के तीमारदारों का आरोप है कि सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही के कारण यह स्थिति बनी हुई है। यदि प्रवेश द्वार पर सख्ती से वाहनों को रोका जाए तो समस्या का समाधान आसानी से हो सकता है।






