38 C
Lucknow
Tuesday, April 28, 2026

सीएमओ का लोहिया अस्पताल में औचक निरीक्षण, दो डॉक्टर अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई

Must read

फर्रुखाबाद। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार ने मंगलवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय का अचानक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
सीएमओ सबसे पहले ओपीडी पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जगमोहन शर्मा के कक्ष में अभिलेखों की जांच की। इस दौरान हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋषिकांत वर्मा और डॉ. दीपक वर्मा ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों की अनुपस्थिति दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने ओपीडी का विस्तृत निरीक्षण किया और वहां मौजूद डॉक्टरों व कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहकर जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ इमरजेंसी वार्ड भी पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को सतर्क रहते हुए हर मरीज को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए कहा।
इसके बाद सीएमओ अस्पताल की दूसरी मंजिल पर पहुंचे, जहां भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। मरीजों ने उन्हें इलाज और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी दी, जिस पर सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर सीएमओ ने नाराजगी जताई और अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं में सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित रूप से निरीक्षण जारी रहेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article