29.8 C
Lucknow
Tuesday, October 6, 2026

फर्रुखाबाद में 7 से 11 अक्टूबर तक मेघगर्जन-वज्रपात का अलर्ट

Must read

– 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं झोंकेदार हवाएं
– प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
– वज्रपात से बचाव के लिए सावधानी बरतने और ‘सचेत’ व ‘दामिनी’ ऐप डाउनलोड करने की अपील

फर्रुखाबाद। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ की चेतावनी के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद में 7 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक मेघगर्जन एवं वज्रपात के साथ 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने आमजन से सतर्क रहने और वज्रपात के दौरान सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील की है।

प्रशासन ने कहा है कि वर्षा और वज्रपात के दौरान सावधानी एवं पूर्व तैयारी ही बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। लोगों से अपने एंड्रॉयड मोबाइल फोन में प्ले स्टोर से ‘सचेत’ एवं ‘दामिनी’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की अपील की गई है। इन ऐप के माध्यम से प्राप्त मौसम संबंधी पूर्व चेतावनी और एडवाइजरी का समय रहते उपयोग कर संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है।

यदि कोई व्यक्ति खुले स्थान पर है तो तत्काल किसी पक्के मकान में शरण ले। घर के अंदर खिड़की, दरवाजे, बरामदे और छत से दूरी बनाए रखें। बिजली के उपकरणों और तारों से संपर्क न करें तथा बच्चों को विद्युत उपकरणों से दूर रखें।

तालाब, नदी और अन्य जलाशयों से दूरी बनाए रखें। खुले में समूह बनाकर खड़े होने के बजाय अलग-अलग स्थान पर रहें। बिजली या टेलीफोन के खंभे, तार की बाड़, मशीनों तथा धातु से बने कृषि उपकरणों और डंडों से दूरी बनाए रखें।
वज्रपात की चपेट में आने वाले व्यक्ति को तत्काल प्राथमिक उपचार दिलाते हुए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाएं। ऐसी स्थिति में 112 पर सूचना दें। लोगों को स्थानीय रेडियो और अन्य संचार माध्यमों से मौसम की जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है। पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें।

प्रशासन ने जर्जर अथवा पुराने मकानों में शरण लेने से बचने की सलाह दी है। ऊंची इमारतों, ऊंचे पेड़ों तथा बिजली और टेलीफोन के खंभों के नीचे कदापि खड़े न हों। बच्चों को तालाब और जलाशयों के पास न जाने दें। पैदल यात्रा के दौरान धातु की डंडी वाले छाते का इस्तेमाल न करें। घर के अंदर रहने पर पानी के नल, फ्रिज, टेलीफोन तथा अन्य विद्युत उपकरणों को न छुएं। बाहर होने की स्थिति में धातु से बनी वस्तुओं का उपयोग न करें। मौसम खराब रहने तक सुरक्षित स्थान पर रहें और आसमान साफ होने के बाद ही बाहर निकलें।

जनपद में संभावित बाढ़ के दृष्टिगत सुरक्षा एवं बचाव के लिए जिला स्तरीय टोल फ्री नंबर 1077 तथा मोबाइल नंबर 9454416457 सक्रिय किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशासन ने अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें, अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न जाएं और स्वयं के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों तथा पशुओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article