लखनऊ। राजधानी के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मृतकों की पहचान का कार्य जारी है। प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार हादसे में कई छात्रों और युवाओं की दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी भयावह थी कि कई लोग बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके।
मृतकों में सागर, निलेश, सूरज, आदित्य श्रीवास्तव, ज्योति, सुखमनी, अनामिका, संयम, भविष्य, सहजान, अम्मार, सोमाल्या और अनुच्छा के नाम सामने आए हैं। सभी की मौत आग की चपेट में आने से हुई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और अस्पतालों व घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई, जिससे अंदर मौजूद लोग फंस गए। दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत एवं बचाव दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने किया मुआवजे का ऐलान
लखनऊ। भीषण अग्निकांड के बाद दुखी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आग में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।


