– चार दिनों तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए जन-जन तक पहुंचेगा सेवा
– संस्कृति और विकास का संदेश
फर्रुखाबाद। जनपद में ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के अंतर्गत संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की सांस्कृतिक टोलियों ने गुरुवार को अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। चार दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा, संस्कृति, विरासत एवं विकास से जुड़े संदेश आमजन तक पहुंचाए जाएंगे।
कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की टीमों के कलाकारों ने लोकगीत, लोकनृत्य, नाट्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए सामाजिक जागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों को भी प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया।
‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के अंतर्गत अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम लगातार चार दिनों तक आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिसमें स्थानीय नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के माध्यम से मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की टीमों के कलाकारों के साथ सांसद मुकेश राजपूत तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


