– चित्रकला प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश
– हेलमेट-सीट बेल्ट और नशे से दूर रहने का आह्वान
फर्रुखाबाद। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी फर्रुखाबाद विश्वनाथ प्रताप सिंह के निर्देशन में गुरुवार को जनपद के समस्त विकासखंडों के परिषदीय विद्यालयों में “सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्ति” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही नशे के दुष्प्रभावों से बचने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक चित्र बनाए। चित्रों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के नियमों, यातायात अनुशासन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग तथा नशे से होने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
विद्यार्थियों की कलाकृतियों में “सड़क सुरक्षा अपनाएं, जीवन सुरक्षित बनाएं” और “नशामुक्त समाज, स्वस्थ समाज” जैसे जागरूकता संदेश प्रमुखता से दिखाई दिए। बच्चों ने चित्रों के जरिए लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहने की अपील की।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों के माध्यम से सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्ति का संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाना अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम बच्चों में सामाजिक सरोकार, जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से जनपद में सड़क सुरक्षा के प्रति सजगता और नशामुक्त समाज के निर्माण का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।


