लखनऊ: राजधानी लखनऊ (Lucknow) के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि योग्य जमीन खरीदना अब और महंगा होने जा रहा है। जिला प्रशासन (district administration) ने राजधानी के 332 गांवों में डीएम सर्किल रेट 100% से 200% तक बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है। संशोधित दरें 4 जून से लागू की जाएंगी, जबकि 2 जून तक आपत्तियां दाखिल की जा सकेंगी। अब आपत्तियों के निस्तारण के बाद चार जून को संशोधित दरें लागू होंगी। संशोधित दरों के लागू होने के बाद जिन गांवों में डीएम सर्किल रेट पहले प्रति हेक्टेयर बीस लाख था, वहां बढ़कर 35 से 40 लाख रुपये तक हो जाएगा।
नई दरें लागू होने के बाद जिन गांवों में कृषि भूमि का सर्किल रेट अब तक 20 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर था, वहां यह बढ़कर 35 से 40 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तक पहुंच सकता है। मोहनलालगंज, सरोजनीनगर, बख्शी का तालाब, मलिहाबाद और सदर क्षेत्र के गांवों में दरें बढ़ाने का प्रस्ताव है। लखनऊ के मोहनलालगंज में 161 सरोजनीनगर में 52, बख्शी का तालाब में 95, मलिहाबाद में 13 और सदर क्षेत्र में छह गांवों की कृषि योग्य भूमि की दरों में वृद्धि का प्रस्ताव है।
डीएम विशाख जी के मुताबिक, एलडीए के विस्तारित क्षेत्र और नगर निगम सीमा में आने वाले गांवों को छोड़कर बाकी ग्रामीण क्षेत्रों में दरें संशोधित की जा रही हैं। प्रशासन का कहना है कि बाजार दर और मौजूदा सर्किल रेट में भारी अंतर के कारण यह फैसला लिया गया है। कृषि भूमि को चार श्रेणियों जनपदीय मार्ग के आसपास, संपर्क मार्ग, आबादी से सटी जमीन और सामान्य भूमि में बांटकर नई दरें तय की गई हैं।


