हरदोई| बिलग्राम थाना क्षेत्र के तेरवा चांदपुर गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 52 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान नन्हेंलाल (52) पुत्र झाऊ लाल के रूप में हुई है। वह पेशे से मजदूर थे और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। बताया गया कि बुधवार सुबह उन्होंने अपने घर के छप्पर में लगी लकड़ी की बल्ली के सहारे गमछे से फंदा बनाकर जान दे दी।
घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब मृतक के भाई ननक्के ने उन्हें फांसी पर लटका देखा। यह दृश्य देखते ही उसने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर बिलग्राम थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मौके पर फोरेंसिक जांच की जरूरत नहीं समझी गई, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। परिजनों की ओर से फिलहाल कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।


