सरदार पटेल युवा वाहिनी ने दूरी बनाने का किया ऐलान
फर्रुखाबाद। जनपद में 17 मई 2026 को कायमगंज स्थित रोज फार्म गेस्ट हाउस में प्रस्तावित कूर्मि क्षत्रिय सभा के प्रादेशिक अधिवेशन से पहले ही सजातीय राजनीति गरमा गई है। अधिवेशन को लेकर समाज के भीतर खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। सरदार पटेल युवा वाहिनी ने कार्यक्रम से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया है,
जानकारी के अनुसार कूर्मि क्षत्रिय सभा लखनऊ के राष्ट्रीय कार्य क्षेत्र के अंतर्गत यह प्रादेशिक अधिवेशन आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर जिले भर में पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं और समाज के प्रभावशाली लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों की भागीदारी का दावा भी किया जा रहा है।
इधर सरदार पटेल युवा वाहिनी से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पूर्व में जहानगंज स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में आयोजित बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों को उचित सम्मान नहीं दिया गया। उनका कहना है कि न तो उन्हें मंच पर पर्याप्त स्थान मिला और न ही संगठन की पुरानी भूमिका को महत्व दिया गया। इसी नाराजगी के चलते वाहिनी ने कार्यक्रम से दूरी बनाने का निर्णय लिया है।
बताना जरूरी है कि फर्रुखाबाद, कन्नौज और कानपुर तक संगठन का मजबूत जनाधार है और वर्षों से समाज के मुद्दों को लेकर संगठन सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। संगठन के बैनर तले कई बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें समाज की भारी भागीदारी रही है। ऐसे में संगठन की उपेक्षा समाज के एक बड़े वर्ग में नाराजगी पैदा कर सकती है।
सामाजिक और राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि विवाद आगे बढ़ा तो इसका असर अधिवेशन की एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन पर पड़ सकता है। समाज के भीतर नेतृत्व और वर्चस्व को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। वहीं अब तक आयोजकों की ओर से पूरे मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


