रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान बाबा केदार के दरबार में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। केदारनाथ धाम में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में गढ़वाल रेंज के आईजी राजीव स्वरूप ने केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने यात्रा मार्ग से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। धाम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को भी बारीकी से परखा गया।
आईजी राजीव स्वरूप ने पैदल यात्रा मार्ग पर तैनात सुरक्षा बलों, बैरिकेडिंग, कंट्रोल प्वाइंट और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था, कतार प्रबंधन और सुरक्षा निगरानी की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए और यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संचालित हो।
चारधाम यात्रा में इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में प्रशासन लगातार यात्रा मार्ग और धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में जुटा हुआ है। पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।


