26 C
Lucknow
Saturday, September 19, 2026

फेरी मजदूरों के कमरे में चोरी, पांच मोबाइल और नकदी ले गए चोर

Must read

जागने पर हुई चोरी की जानकारी, 100 मीटर दूर मिली पेंट, 13,100 रुपये भी गायब
कायमगंज/फर्रुखाबाद।
कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के याहियापुर में सीओ कार्यालय के पास मस्जिद के निकट किराए पर रह रहे फेरी करने वाले मजदूरों के कमरों में देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। चोर चार्जिंग पर लगे पांच मोबाइल फोन के साथ पेंट की जेब में रखी नकदी भी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मजदूरों के जागने पर हुई।
बताया गया कि कुछ मजदूर याहियापुर में किराए के कमरों में रहकर फेरी का काम करते हैं और मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। रोज की तरह सभी मजदूर रात में कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अज्ञात चोर कमरे में घुस गए और चार्जिंग पर लगे पांच मोबाइल फोन चोरी कर लिए।
सुबह जब मजदूरों की आंख खुली तो उन्होंने देखा कि चार्जिंग पर रखे मोबाइल फोन गायब हैं। इसके बाद कमरे में सामान की तलाश की गई तो एक मजदूर की पेंट भी गायब मिली। पेंट की जेब में रखी नकदी भी चोर ले गए थे। आसपास तलाश करने पर कमरे से करीब 100 मीटर दूर क्रॉसिंग की ओर एक पेंट पड़ी मिली।
मजदूरों के मुताबिक पेंट में करीब 13,100 रुपये रखे हुए थे, जो चोरी हो गए। पेंट मिलने के बाद मजदूरों ने आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक छानबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
घटना के बाद मजदूरों में दहशत का माहौल है। पीड़ितों ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी करने वालों का पता लगाने और चोरी हुए मोबाइल फोन व नकदी बरामद कराने की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article