फर्रुखाबाद। जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार तथा क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा ने थाना मऊदरवाजा एवं कोतवाली फर्रुखाबाद पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त किया।
अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा मुख्य मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान आमजन एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित करते हुए उनसे शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
पैदल गश्त के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया तथा लोगों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस की इस कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया तथा लोगों ने प्रशासन की पहल की सराहना की।


