31 C
Lucknow
Saturday, May 30, 2026

33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया मजदूर, गंभीर रूप से झुलसा

Must read

फर्रुखाबाद। मकान निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। दीवार पर काम कर रहे मजदूर को पास से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और ग्रामीणों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव ब्राहिमपुर जागीर निवासी इंद्रजीत पुत्र राजेश कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। बुधवार को वह गांव के ही शिवाकांत पाल के मकान निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। बताया जाता है कि निर्माणाधीन मकान की दीवार पर चढ़कर वह कार्य कर रहा था। इसी दौरान मकान के निकट से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही इंद्रजीत लाइन के करीब पहुंचा, तेज करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही गिर पड़ा। घटना देखकर वहां मौजूद अन्य मजदूरों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे निजी वाहन की मदद से पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और बाद में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल मजदूर का प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस जाने के कारण उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। परिजन घायल को लेकर रेफर अस्पताल के लिए रवाना हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मकानों और आबादी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर विद्युत लाइनें बेहद नीचे हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से ऐसी लाइनों को सुरक्षित ऊंचाई पर स्थानांतरित कराने की मांग की है।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। घायल की हालत को लेकर परिवार में चिंता का माहौल है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article