कन्नौज। जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के सिमुआपुर ग्राम में मुन्ना लाल कश्यप के यहाँ शुक्रवार रात हुई सत्यनरायन की कथा में प्रसाद खाने से 62 लोग बीमार हो गये। सभी को उल्टी पेट दर्द की शिकायत हुई। सभी को जिला अस्पताल लाया गया जिसमें 14 मरीजो के गंभीर होने पर उन्हे मेडिकल कालेज तिर्वा रिफर किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, मुख्य चिकित्साधिकारी डा० स्वदेश गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार जिला अस्पताल पहुँचे और मरीजों का हाल जाना तथा मरीजो को बेहतर इलाज के निर्देश दिये।
जिला अस्पताल की डाक्टर आकांक्षा ने बताया कि ग्राम सिमुआपुर में शुक्रवार की शाम सत्यनरायन की कथा हुई थी जिसमे पंचामृत, पंजीरी का प्रसाद बंटा था जिसे खाने के बाद लोग बीमार होने लगे। रात मे उल्टी दस्त, पेटदर्द से लोगों की हालत बिगडने लगी। पहले निजी डाक्टर के यहाँ ले गये बाद मे निजी वाहनो एवं एम्बूलेंस से जिला अस्पताल लाया गया।
डा० आकांक्षा ने बताया कि रात 10:30 बजे तक जिला अस्पताल में 62 मरीज आ चुके थे।जिनमें 14 मरीजो को तिर्वा मेडिकल कालेज रिफर कर दिया गया। सारे लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए है।
जिला अस्पताल के डाक्टरो का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियन्त्रण मे हैं सभी मरीजो को ड्रिप और दवाएं दी जा रही है। शुरुआती लक्षणों में फूड प्वाइजनिंग लग रहा है। अस्पताल मे अतिरिक्त डाक्टरो एवं स्टाफ को लगाया गया है। अधिकांश मरीजों की हालत स्थिर है। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।


