44.5 C
Lucknow
Wednesday, June 10, 2026

कमालगंज सीएचसी में बवाल! एएनएम स्टाफ ने मॉनीटर पर लगाए उत्पीड़न के आरोप

Must read

– सीएमओ, डीएम, एसपी समेत महिला आयोग से की कार्रवाई की मांग

फर्रुखाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में तैनात एएनएम स्टाफ और मॉनीटर फरद अली के बीच विवाद सुर्खियों में आ गया है । तमाम एएनएम कर्मियों द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में मॉनीटर पर मानसिक उत्पीड़न, अभद्र व्यवहार और अनुचित दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

सीएमओ को भेजे गए पत्र में एएनएम कर्मियों ने आरोप लगाया है कि मॉनीटर फरद अली स्वयं को वरिष्ठ बताते हुए कर्मचारियों पर दबाव बनाते हैं और कथित रूप से कहते हैं कि “जो मैं कहूंगा वही करना होगा, अन्यथा ऐसा फीडबैक दूंगा कि नौकरी चली जाएगी।” शिकायत में कहा गया है कि अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देकर कर्मचारियों को डराने का प्रयास किया जाता है।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि अली द्वारा महिला स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है तथा व्यक्तिगत मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का दबाव भी बनाया जाता है। पत्र में कहा गया है कि एएनएम का अधिकांश कार्य फील्ड में होता है और इस प्रकार के व्यवहार के कारण महिला कर्मियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

एएनएम स्टाफ ने अपने पत्र में कहा है कि इस स्थिति के चलते कर्मचारी मानसिक तनाव में हैं, जिससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं और फील्ड कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। शिकायत में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग को भी भेजी गई है। पत्र पर कई एएनएम कर्मियों रागिनी, साधना प्रेमलता, पूजा आदि कई एएनएम के हस्ताक्षर हैं। आरोप है कि इनकी पूर्व में भी कई शिकायतें हुईं लेकिन कोई कार्रवाही नहीं हुईं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article