बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत (Baghpat) ज़िले में एक भयानक वारदात को अंजाम दिया गया। बीते मंगलवार शाम बड़ौत बाज़ार (Baraut market) इलाके में अपराधियों ने एक टेंट व्यापारी और उनके बेटे की दुकान के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में, भीड़ के हमले (मॉब लिंचिंग) के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने अपराधियों में से एक की हत्या कर दी।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि टेंट के एक व्यापारी और उनके 30 वर्षीय इकलौते बेटे की उनकी दुकान के अंदर हत्या कर दी गई। मंगलवार शाम 5:50 बजे तीन अपराधी दो बाइकों पर आए और पिस्तौल से पिता-पुत्र पर गोलियां चलाईं। बेटे, विकास ने अपराधियों का सामना किया और हिस्ट्री-शीटर वरुण लुहारी को पकड़ लिया।
अपराधियों ने विकास पर गोली चलाई लेकिन वह बच गया और गोली उसके पिता सोहनलाल को लग गई। बाज़ार के बीचों-बीच हुई इस गोलीबारी से अफरातफरी मच गई। अपराधी गोली चलाते हुए भागने लगे। लोगों ने हिस्ट्री-शीटर को पकड़ लिया और बुरी तरह पीटा, जिसके बाद भीड़ में से किसी ने उसे गोली मार दी। इस घटना का एक वीडियो बुधवार को सामने आया।
गोलीबारी में एक राहगीर को भी गोली लग गई। पुलिस सभी घायलों को अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने पिता-पुत्र और हिस्ट्री-शीटर वरुण को मृत घोषित कर दिया। व्यापारी सोहनलाल (50) के बेटे की शादी छह महीने पहले हुई थी। उनकी पत्नी दो महीने की गर्भवती है। अब परिवार में केवल सास और बहू ही बची हैं। बुधवार सुबह पिता और पुत्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।


