38 C
Lucknow
Wednesday, June 17, 2026

इंदौर पुलिस ने 29 लाख की लूट का किया खुलासा, रिटायर्ड आर्मीमैन निकला मास्टरमाइंड, आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

Must read

इंदौर: इंदौर (Indore) में 29 लाख 65 हजार रुपए की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का मास्टरमाइंड एक रिटायर्ड आर्मीमैन (retired Army man) निकला, जिसने कारोबारी के लेनदेन और कलेक्शन सिस्टम की जानकारी के आधार पर अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22 लाख 50 हजार रुपए नकद और लूट की रकम से खरीदी गई एक कार भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 24 मई को पंडरीनाथ थाना क्षेत्र में स्क्रैप कारोबारी मुकुल अग्रवाल की कलेक्शन एजेंसी के कर्मचारी से 29 लाख 65 हजार रुपए की लूट हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। जांच में सामने आया कि इस वारदात का मुख्य आरोपी चंद्रशेखर मुकाती है, जो सेना से सेवानिवृत्त हो चुका है। वह सीधे तौर पर स्क्रैप कारोबारी के यहां कार्यरत नहीं था, लेकिन दूसरे कारोबारी के यहां काम करने के दौरान उसे मुकुल अग्रवाल के कारोबार, कलेक्शन प्रक्रिया और बड़ी रकम के लेनदेन की जानकारी मिल गई थी।

पुलिस जांच में पता चला है कि चंद्रशेखर मुकाती ने अपने साथियों प्रवीण, अमर, फिरोज और कपिल भंडारी के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी। आरोपियों ने कारोबारी के कलेक्शन सिस्टम का अध्ययन किया और फिर मौके का फायदा उठाकर लाखों रुपए की लूट को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आर्थिक परेशानियों और अपने शौक पूरे करने के लिए उन्होंने इस वारदात की साजिश रची थी। लूट के बाद सभी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर छिप गए थे, ताकि पुलिस उनकी गिरफ्तारी न कर सके।

वारदात के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलते रहे और महाराष्ट्र व राजस्थान सहित कई राज्यों में छिपे रहे। हालांकि इंदौर पुलिस ने लगातार दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों से लूटी गई रकम में से 22 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचे थे, जहां उन्होंने 1 लाख 11 हजार रुपए दान किए थे। इसके अलावा लूट की रकम से खरीदी गई करीब ढाई लाख रुपए की कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकदी बरामद कर ली है और शेष रकम के संबंध में भी जांच जारी है। मामले में आगे की पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article