मेलबर्न/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न स्थित मार्वल स्टेडियम में भारतीय समुदाय के विशाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचने का प्रतीक बताया। हजारों प्रवासी भारतीयों की मौजूदगी में उन्होंने कहा कि दोनों देशों की दोस्ती पहले से अधिक मजबूत हुई है और इसमें भारतीय समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को “हाउसफुल” और “ब्लॉकबस्टर” बताते हुए मेलबर्न के लोगों और भारतीय समुदाय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की उनकी यह तीसरी यात्रा दोनों देशों के बढ़ते विश्वास और मजबूत रणनीतिक साझेदारी का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मित्रता लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया लोकतांत्रिक मूल्यों, आर्थिक सहयोग, शिक्षा, तकनीक और सुरक्षा जैसे कई क्षेत्रों में मिलकर नई संभावनाएं तैयार कर रहे हैं।
प्रवासी भारतीयों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे अपनी मेहनत से ऑस्ट्रेलिया की प्रगति में योगदान दे रहे हैं, वहीं भारत की उपलब्धियों से भी हमेशा जुड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी का भारत तेज गति से विकास कर रहा है और दुनिया में नई पहचान बना रहा है।
प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान पूरे स्टेडियम में भारत के समर्थन में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम को भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को और मजबूत करने तथा वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका का महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।


