33 C
Lucknow
Monday, August 3, 2026

संविदा विद्युत कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना जारी, जनपद के 41 उपकेंद्रों पर कामकाज प्रभावित

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर जिले के संविदा विद्युत कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना लगातार जारी है। 1 अगस्त से शुरू हुए इस आंदोलन के तीसरे दिन भी जनपद के सभी 38/11 केवी के 41 विद्युत उपकेंद्रों पर कर्मचारी धरना-प्रदर्शन करते रहे। आंदोलन के चलते शिकायतों के निस्तारण और रखरखाव (मेंटीनेंस) का कार्य प्रभावित हो रहा है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है।
संघ की जिला कार्यकारिणी द्वारा अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मंडल को भेजे गए पत्र में बताया गया कि कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर 28 जुलाई को शक्ति भवन, लखनऊ तथा 29 जुलाई को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया था। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर केंद्रीय यूनिट के निर्देशानुसार 1 अगस्त से जिले के सभी 41 विद्युत उपकेंद्रों पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया।
संविदा कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय यूनिट से आगे जो भी निर्देश प्राप्त होंगे, उनका पूरी तरह पालन किया जाएगा।
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, संविदा कर्मियों का नियमितीकरण, बीमा सुविधा लागू करने, कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा मानदेय में बढ़ोतरी की मांग उठाई। उनका कहना है कि ये मांगें लंबे समय से लंबित हैं और कई बार ज्ञापन देने के बावजूद शासन एवं विभाग द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
धरने के कारण उपकेंद्रों पर विद्युत शिकायतों का निस्तारण और आवश्यक रखरखाव कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों से वार्ता कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है।
शमशाबाद विद्युत उपकेंद्र पर आयोजित धरने में जिला अध्यक्ष रामकिशन, धनमंत्री लाल, मियां सलीम, शफीक, सुग्रीव, प्रमोद, सादिक, देव सिंह, नानकराम, बालवीर गुलाटी, विक्रम सिंह, देवेश प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में संविदा विद्युत कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article