फर्रुखाबाद ब्यूरो। हिंदी साहित्य की महान कवयित्री महीयसी महादेवी वर्मा की पुण्यतिथि पर साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘अभिव्यंजना’ के तत्वावधान में रेलवे रोड स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। साहित्यकारों, रचनाकारों और समाजसेवियों ने महादेवी वर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके साहित्यिक योगदान एवं व्यक्तित्व को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परियोजना निदेशक कपिल कुमार ने महादेवी वर्मा के जीवन और साहित्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महादेवी वर्मा हिंदी साहित्य की ऐसी महान विभूति हैं, जिनकी रचनाओं में संवेदना, करुणा, प्रकृति-प्रेम और मानवीय मूल्यों का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। उनका साहित्य आज भी समाज को संवेदनशील बनाने और वंचित एवं उपेक्षित वर्गों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि महादेवी वर्मा की रचनाओं में निहित जीवन-संदेश वर्तमान समय में भी उतना ही प्रासंगिक है। उनकी साहित्य साधना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
इस अवसर पर समाजसेवी संजय गर्ग ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान साहित्यकारों एवं रचनाकारों ने मुख्य अतिथि कपिल कुमार को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार महेश पाल सिंह ‘उपकारी’, सत्यनारायण सिंह, रामऔतार शर्मा ‘इंदु’, राजेश हजेला, विनय अग्रवाल, निमिष टंडन, वैभव सोमवंशी ‘सुभग’, नलिन श्रीवास्तव, भाजपा नेत्री चित्रा अग्निहोत्री, सिमरन सिंधी सहित अनेक साहित्यकार, रचनाकार एवं समाजसेवी मौजूद रहे।


