लखनऊ: जन उद्घोष व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा (MLA Dr. Neeraj Bora) से मुलाकात कर जानकीपुरम एवं जानकीपुरम विस्तार (Jankipuram Extension) क्षेत्र की जर्जर सड़कों की समस्या प्रमुखता से उठाई थी। प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया था कि सीवर लाइन की खुदाई के कारण लंबे समय से सड़कें टूटी हुई हैं तथा सड़कों पर मिट्टी के ढेर लगे होने से स्थानीय व्यापारियों, क्षेत्रवासियों और राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई थी।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने तत्काल लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं जलकल विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर 48 घंटे के भीतर सड़क मरम्मत एवं आवश्यक कार्य प्रारंभ कराने का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि निर्धारित समय सीमा में कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे स्वयं क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों के साथ धरना-प्रदर्शन करेंगे।
विधायक के कड़े रुख का सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। उनके 48 घंटे के अल्टीमेटम के अगले ही दिन जलकल विभाग हरकत में आ गया और सड़क मरम्मत एवं संबंधित कार्यों में तेजी लाते हुए कार्य प्रारंभ कर दिया। इससे क्षेत्रवासियों एवं व्यापारियों में राहत और संतोष का माहौल है।
जन उद्घोष व्यापार मंडल ने विधायक डॉ. नीरज बोरा द्वारा समस्या का त्वरित संज्ञान लेने, अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देने तथा जनहित में प्रभावी पहल करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। व्यापार मंडल ने आशा जताई कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत का कार्य शीघ्र पूर्ण होगा, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों एवं आम नागरिकों को स्थायी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार सिंह, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, प्रदेश मंत्री आर. के. सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष नवीन सिंह, जानकीपुरम विस्तार के महामंत्री दिवाकर पाण्डेय तथा डॉ. रवीश कुमार सिंह उपस्थित रहे।


