सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर (Saharanpur) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लोनी से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर (Nandkishore Gurjar) ने कैराना से सपा सांसद इकरा हसन को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर इकरा हसन किसी हिंदू गुर्जर युवक से शादी करती हैं तो गुर्जर समाज उन्हें अपनी बेटी मानेगा और उनकी मदद करेगा। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा शुरू हो गई है।
नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि इकरा हसन खुद को गुर्जर बताती हैं तो समाज उन्हें बेटी मान सकता है। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज में नेता, आईएएस और इंजीनियर भी हैं। अगर इकरा किसी हिंदू गुर्जर युवक से शादी करना चाहेंगी तो समाज की ओर से उनकी मदद की जाएगी।
नंदकिशोर गुर्जर ने इकरा हसन के चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए एक बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सहारनपुर के गुर्जर बहुल इलाके में इकरा ने लोगों से भावनात्मक अपील करते हुए पूछा था कि क्या वह उनकी बेटी नहीं हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान वोट लेने के लिए रिश्ते बनाए जाते हैं, लेकिन बाद में राजनीतिक रुख बदल जाता है।
नंदकिशोर गुर्जर पहले भी अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं. हाल के दिनों में लोनी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विवाद भी हुआ था। इसके अलावा सितंबर में बीजेपी नेताओं ने उनके खिलाफ पुलिस कमिश्नर से शिकायत की थी। शिकायत में जान से मारने की धमकी, अभद्रता, मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ जैसे आरोप लगाए गए थे।
सितंबर में बीजेपी नेताओं ईश्वर मावी, अनिल कसाना और विनोद बंसल ने नंदकिशोर गुर्जर के खिलाफ पुलिस कमिश्नर से शिकायत की थी। नेताओं ने आरोप लगाया था कि विधायक करीब 15 लोगों के साथ पहुंचे और उनके साथ अभद्रता व धमकी दी। दूसरी ओर, इस विवाद को लेकर अलग-अलग पक्षों की पंचायतें भी हुई थीं।


