32.3 C
Lucknow
Sunday, October 4, 2026

सपा का चुनाव आयोग पर हमला, वोट चोरी के आरोपों की जांच की मांग

Must read

 

फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के नेतृत्व के आह्वान पर रविवार को फर्रुखाबाद में सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत मतदाताओं से अपने वोट की सुरक्षा और मतदाता सूची की जांच करने की अपील की।

सपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में गरीबों, पिछड़ों और अन्य वर्गों के मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी इसे ‘वोट चोरी’ और लोकतंत्र पर हमला मानती है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

चंद्रपाल सिंह यादव ने दावा किया कि फर्रुखाबाद के भड़ौसा-जरारी क्षेत्र में करीब 700 और शहर के एक मोहल्ले में करीब 500 वोटों को लेकर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में मतदाताओं के फर्जी हस्ताक्षर के जरिए नाम हटाने की कोशिश की गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता अपने बूथ और मतदाता सूची पर नजर रखे तथा किसी भी गड़बड़ी की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर न्यायालय तक उठाएगी।

पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र सिंह यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि नागरिक का वोट ही सुरक्षित नहीं रहेगा तो उसके लोकतांत्रिक अधिकारों का क्या अर्थ रह जाएगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका पर भी तीखी टिप्पणी की।

पूर्व मंत्री एवं शाहजहांपुर विधायक अवधेश वर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2 अक्टूबर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ और संविधान बचाओ’ अभियान के जरिए गांव-गांव और कस्बे-कस्बे जाकर मतदाताओं को जागरूक करेगी तथा कथित वोट चोरी के मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी।

वहीं, वरिष्ठ सपा नेता सरल दुबे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर आरोप लगाए और कहा कि उनके परिवार के लोगों के आरएसएस से जुड़े होने के कारण चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के दौरान BLO के ऊपर लेखपालों को लगाया गया और कुछ स्थानों पर राजनीतिक दबाव में मतदाता सूची में बदलाव किए गए।
सपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव और मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा जरूरी है। पार्टी ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपनी वोटर लिस्ट जांचें और किसी भी विसंगति की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराएं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article