कमालगंज संवाददाता।
थाना कमालगंज क्षेत्र के खुदागंज गांव के पास शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा।
बताया जा रहा है कि घायल युवक कन्नौज जिले के तालग्राम का रहने वाला अमित कुमार है। वह अपने किसी निजी कार्य से फर्रुखाबाद आया था। कार्य समाप्त कर वह बाइक से वापस अपने घर जा रहा था, तभी खुदागंज के पास यह हादसा हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायल को संभाला। मानवता को शर्मसार करते हुए कार चालक घायल को सड़क पर छोड़कर गाड़ी सहित मौके से भाग निकला।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची कमालगंज पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई और फरार कार व उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। घायल युवक को उपचार के लिए भेजा गया है।


