38 C
Lucknow
Monday, April 20, 2026

आईएएस नीतीश बने उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक

Must read

अयोध्या मॉडल के शिल्पकार की नई पारी

लखनऊ

उत्तर प्रदेश कैडर के 2010 बैच के आईएएस अधिकारी नीतीश कुमार एक बार फिर चर्चा में हैं। अपनी सख्त प्रशासनिक शैली, दूरदर्शी सोच और परिणाम आधारित कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले इस अधिकारी को प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी ऐसे समय में दी गई है जब प्रदेश में ऊर्जा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
बिहार के नालंदा जिले के मूल निवासी नीतीश कुमार का प्रशासनिक सफर बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत विकास प्रशासन से करते हुए लखीमपुर खीरी में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में कार्य किया, जहां ग्रामीण विकास योजनाओं को गति देने में उनकी अहम भूमिका रही। श्रावस्ती में कलेक्टर के रूप में तैनात रहकर उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया।इसके पश्चात लखनऊ में सहकारी समितियों के अतिरिक्त रजिस्ट्रार के रूप में कार्य किया। यहीं से उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री के विशेष सचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई, जहां उन्होंने नीतिगत निर्णयों और शासन संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।बाद के वर्षों में बरेली और अयोध्या जैसे महत्वपूर्ण जनपदों में जिलाधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। खासतौर पर अयोध्या में उनके लगभग तीन वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक माना जाता है। इस दौरान उन्होंने बुनियादी ढांचे के बड़े प्रोजेक्ट्स को जमीन पर उतारा, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया और अयोध्या को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अयोध्या के जिलाधिकारी के रूप में उनका कार्यकाल बेहद प्रभावशाली रहा। अक्टूबर 2021 से जुलाई 2024 तक अयोध्या में तैनाती के दौरान उन्होंने शहर के बुनियादी ढांचे को नई दिशा दी। लगभग 34,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, अंतरराष्ट्रीय स्तर के रेलवे स्टेशन और महर्षि वाल्मीकि हवाई अड्डे के विकास, तथा श्रीराम जन्मभूमि पथ, राम पथ और धर्म पथ जैसे प्रमुख मार्गों के निर्माण में उनकी भूमिका को बेहद अहम माना जाता है। उनके कार्यकाल में अयोध्या ने वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बनाई।
नीतीश कुमार की कार्यशैली का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि उन्हें कई बार देश के शीर्ष नेताओं की अगवानी का अवसर मिला, जिनमें नरेंद्र मोदी, द्रौपदी मुर्मू, रामनाथ कोविंद, एम वेंकैया नायडू और जगदीप धनखड़ शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को जमीन पर उतारने में अहम भूमिका निभाई।
जुलाई 2024 से वे दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, आगरा के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत थे, जहां उन्होंने बिजली व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ता सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कई प्रभावी कदम उठाए।
अब उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के रूप में उनकी नई पारी से प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र में बड़े सुधारों की उम्मीद जताई जा रही है। उनके अनुभव, दृढ़ संकल्प और विकासोन्मुखी सोच को देखते हुए यह माना जा रहा है कि वे बिजली व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सफल होंगे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article