32 C
Lucknow
Sunday, April 26, 2026

भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौत से गांव में मातम

Must read

 

हमीरपुर जनपद के राठ क्षेत्र में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मुस्करा थाना क्षेत्र के खेरा मोड़ के पास दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, हुसैना गांव निवासी 18 वर्षीय जितेंद्र पुत्र राम सिंह अपनी मोटरसाइकिल से इमिलिया की ओर जा रहा था। जैसे ही वह खेरा मोड़ के पास पहुंचा, सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरी बाइक पर सवार हुसैना गांव निवासी संजय पुत्र शेरा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान संजय ने भी दम तोड़ दिया।

इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक जितेंद्र मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का सहयोग करता था। उसके परिवार में मां झंडी बाई और तीन बहनें अर्चना, पूनम और प्रभा हैं, जिन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुस्करा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, जबकि स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article